अरवल(बिहार),10 अक्टूबर।
दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम स्थल का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण। सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार
आज अरवल के जिला पदाधिकारी, श्रीमती अमृषा बैंस द्वारा अरवल प्रखंड अंतर्गत प्रतिवर्ष दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम स्थल बैदराबाद का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा कार्यक्रम के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, अरवल श्री मोनू कुमार को कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आमजनों की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि आमजनों की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त, अरवल श्री शैलेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, अरवल श्री मोनू कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन, अरवल आगामी पर्व-त्योहारों के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन हेतु प्रतिबद्ध है।