नवादा से द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
नवादा, 10 अक्टूबर। माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत राज्य के 108.36 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सितंबर 2026 माह की पेंशन राशि के रूप में ₹1,237.48 करोड़ का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरण किया गया।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य के सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाती है। सरकार का उद्देश्य वृद्धजनों, विधवा महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता करना है।
उक्त कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की उपस्थिति में समाहरणालय सभाकक्ष, नवादा में किया गया। इस दौरान उपस्थित पेंशनधारियों एवं पदाधिकारियों ने माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन तथा पेंशन राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
इस अवसर पर प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नवादा सुश्री प्रियंका प्रियदर्शनी ने बताया कि नवादा जिले में सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत कुल छह प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित हैं। इन योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या निम्नवत है—
1. बिहार राज्य निशक्तता पेंशन योजना — 29,663 लाभार्थी
2. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना — 1,467 लाभार्थी
3. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना — 50,210 लाभार्थी
4. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना — 4,637 लाभार्थी
5. लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना — 28,232 लाभार्थी
6. मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना — 1,35,367 लाभार्थी
इस प्रकार नवादा जिले में उक्त छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 2,49,576 (दो लाख उनचास हजार पांच सौ छिहत्तर) लाभार्थी पंजीकृत हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने तथा आर्थिक रूप से सहारा प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में गोपनीय शाखा प्रभारी श्री राजीव कुमार सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित थे।