Sunday, 11 October 2026 | 4:46 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में पिकअप-डंपर की भीषण भिड़ंत, चार वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, कई घायल

फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर जैनापुर के पास पिकअप और डंपर की भिड़ंत में 25 वर्षीय महिला और उसकी चार वर्षीय बेटी की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए, जबकि पिकअप चालक को वाहन काटकर बाहर निकाला गया।
Share:
फर्रुखाबाद में पिकअप-डंपर की भीषण भिड़ंत, चार वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, कई घायल
टक्कर के बाद पिकअप की फोटो
Read in your preferred language.
The Dastak 24 : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश। राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर जैनापुर के निकट शनिवार को पिकअप और डंपर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में चार वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और पिकअप चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया।
जानकारी के अनुसार, पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित अपनी ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान जैनापुर के पास उनकी पिकअप की डंपर से भिड़ंत हो गई। हादसे में विमलेश के परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए।
टक्कर के बाद पिकअप चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद ग्राइंडर की मदद से पिकअप की खिड़की कटवाई और चालक को बाहर निकलवाया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने 25 वर्षीय पूजा और उनकी चार वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल विमलेश का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। वहीं, करीब 55 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति और पिकअप चालक शरीफ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।