Sunday, 11 October 2026 | 4:46 AM
भारत

गया: दुर्गापूजा को लेकर शेरघाटी में बैठक संपन्न

Share:
गया:  दुर्गापूजा को लेकर शेरघाटी में बैठक संपन्न
Read in your preferred language.


डीजे के नियमों का पालन करने की अपील, मनचलों और तेज रफ्तार बाइक चालकों पर रहेगी पुलिस की नजर
द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा 
शेरघाटी (गया) : दुर्गापूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को शेरघाटी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, मूर्ति स्थापना, डीजे संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसडीएम जतिन कुमार, एसडीपीओ संदीप कुमार, थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, अंचल अधिकारी ऊषा कुमारी, उपमुख्य पार्षद तारकेश्वर चौधरी, दीनानाथ पांडेय, रावण वध समिति के प्रमोद कुमार वर्मा, पूर्व मुखिया जितेंद्र यादव, राधेश्याम कुमार और अरुण कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक में पूजा पंडालों और मूर्ति स्थापना के लिए लाइसेंस लेने, डीजे संचालन में निर्धारित नियमों का पालन करने तथा पंडालों के आसपास साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का भी निर्देश दिया गया। वहीं, रावण वध कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर चर्चा हुई, ताकि भीड़ पर नजर रखी जा सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। नवरात्र के अवसर पर मीट मछली की दुकान खुले में बंद रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने मनचलों और तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले युवकों पर पुलिस की निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग से दुर्गापूजा का त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।