Sunday, 11 October 2026 | 5:34 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में किसान यूनियन का पैदल मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय आह्वान पर फर्रुखाबाद में पैदल मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को रद्द करने की मांग की। कलेक्ट्रेट में धरना देकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
Share:
फर्रुखाबाद में किसान यूनियन का पैदल मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद(द दस्तक 24): भारतीय किसान यूनियन टिकैत फर्रुखाबाद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय आह्वान पर 10 अक्टूबर को लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की।

किसानों ने शहीद कौशलेन्द्र सिंह की प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, इस्तीफा दो” और “SIR को रद्द करो, रद्द करो” के नारे लगाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद सदर तहसीलदार विक्रम चाहर ने किसानों से ज्ञापन प्राप्त किया। बताया गया कि ज्ञापन में राष्ट्रीय और जिला स्तर की मांगों को शामिल किया गया है। तहसीलदार ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि लोकतंत्र को बचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहा है और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने भी युवाओं का साथ देने का आह्वान किया है।

अजय कटियार ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को मतदान का समान अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में किसान, मजदूर और नौजवान अपने मौलिक अधिकारों को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए देशव्यापी आंदोलन में किसानों को एकजुट होकर भाग लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश को चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों के संघर्ष से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि किसान एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे तो उनकी मांगों को मजबूती मिलेगी।

सहजन मंसूरी को थाने ले जाने का भी विरोध

जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने टाउन हाल स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे सहजन मंसूरी को थाना मऊदरवाजा पुलिस द्वारा रात करीब 10:30 बजे थाने ले जाने का भी विरोध किया। उन्होंने सहजन मंसूरी को तत्काल रिहा करने की मांग करते हुए कहा कि यदि उन्हें नहीं छोड़ा गया तो किसान यूनियन थाना मऊदरवाजा का घेराव करने के लिए मजबूर होगी।

पैदल मार्च और धरना-प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, पूर्व मंडल सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, बिट्टू अवस्थी, तारा देवी, मनोरमा, जिला सचिव पुजारी कटियार, सुग्रीव पाल, बिजनेश यादव, सुशील दीक्षित, गुड्डू यादव, दिनेश सिंह, राजेश गंगवार, रजत गंगवार, बरजोर सिंह, शिवराम शाक्य, अनेंद्र गंगवार, बड़े यादव, दीपक राठौर और रामनरेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसान एवं युवा मौजूद रहे।