नवादा।
श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत प्रखंड के सोखोदेवरा पंचायत अंतर्गत पावापुरी गोवरैया गांव के अनुसूचित टोला में श्री संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की गई। विकास मित्र जितेंद्र मांझी ने बताया कि शिविर में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके। वहीं, शिविर में स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया,जहां लोगों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।