➡️आंगनबाड़ी केंद्रों और जीविका कार्यालय के लिए भवन निर्माण की उठी मांग, बाल विवाह रोकने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
साहेबपुरकमाल (बेगूसराय): प्रखंड के सनहा पश्चिम पंचायत भवन में बुधवार को मुखिया पूनम देवी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। पूर्व प्रमुख मनोज कुमार के संचालन में हुई बैठक में महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, बाल विवाह पर रोक और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मनोज कुमार ने कहा कि बलिया अनुमंडल अंतर्गत सनहा पश्चिम पंचायत को मॉडल महिला हितैषी ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है। इसके लिए सेविका, जीविका दीदी, आशा कार्यकर्ता, नर्स, रोजगार सेवक और विकास मित्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। विशेष ग्राम सभा और वार्ड सभा के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि पंचायत में पांच प्राथमिक विद्यालय, दो मध्य विद्यालय, एक उच्च विद्यालय और एक प्लस टू विद्यालय हैं। पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र भी संचालित है। वहीं, जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुल 127 स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं। बाल विवाह की रोकथाम पर चर्चा करते हुए बताया गया कि मुखिया पूनम देवी ने वर्ष 2016 में बाल विवाह के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की पहल की थी। इसके बाद ग्राम सभा और वार्ड सभा के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, उत्पीड़न और भेदभाव रोकने पर भी जोर दिया गया। बैठक में पंचायत के 15 आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा की गई। बताया गया कि 14 केंद्रों पर सेविकाएं कार्यरत हैं, जबकि एक सेविका के आकस्मिक निधन से संबंधित केंद्र का काम प्रभावित है। सभी सेविकाओं ने अपनी कार्य रिपोर्ट पंचायत कार्यालय में जमा करने पर सहमति जताई। रोजगार सेवक सुजीत कुमार ने विभागीय कार्य दिवस और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही। विकास मित्र इंदु कुमारी ने दिव्यांग, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित आंकड़े पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बैठक में आंगनबाड़ी सेविकाओं ने केंद्रों के लिए जमीन चिह्नित कर भवन निर्माण कराने, जबकि जीविका दीदियों ने पंचायत में कार्यालय के लिए जमीन और भवन उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
इस अवसर पर पैक्स अध्यक्ष रतन कुमार पासवान, मध्य विद्यालय मातु नगर के प्रधानाध्यापक नरेश कुमार, कार्यपालक प्रशांत सुमन, नर्स सरिता कुमारी सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां और आशा कार्यकर्ता मौजूद थे।