नवादा महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति’ योजना के अंतर्गत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत नवादा सदर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, गोंदापुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की कक्षा 09 से 12 तक की छात्राओं को महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रेरणादायक हिंदी फिल्म ‘नील बटे सन्नाटा’ दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के महत्व, परिश्रम, दृढ़ संकल्प एवं आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर छात्राओं के साथ परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें बालिकाओं की शिक्षा, अधिकार, सशक्तिकरण तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्राओं के बीच ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के प्रतीक चिह्नयुक्त टी-शर्ट एवं टोपी का वितरण किया गया। फिल्म प्रदर्शन के उपरांत छात्राओं ने फिल्म से प्राप्त सीख एवं जीवन में आगे बढ़ने के अपने संकल्प साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), नवादा की टीम से श्री पंकज कुमार, श्री अमन कुमार एवं सुश्री निशि उपस्थित रहे।