नवादा से द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
नवादा, 15 अक्टूबर।
बिहार-झारखंड सीमावर्ती रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने फिल्मी स्टाइल में भाग रही शराब की बड़ी खेप जब्त की है। कार्रवाई बीते बुधवार की रात उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहा।उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा के निर्देश पर त्योहार को लेकर सीमावर्ती जांच चौकी पर झारखंड की ओर से आने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में झारखंड की ओर से आ रही काले शीशे लगी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो संख्या जेएच09एडब्लू8562 को उत्पाद बलों ने रोकने का इशारा किया। उत्पाद बलों को देख चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। जांच चौकी के पास लगे ब्रेकर से स्कॉर्पियो उछल गई और ट्रॉली व ड्रम में टक्कर मारते हुए भागने लगी। सामने से आ रही बस के कारण चालक को गाड़ी सड़क किनारे रोकनी पड़ी और वह गाड़ी छोड़कर अंधेरे में फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरा नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। उत्पाद बलों ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें से 744 बोतलों में कुल 169.8 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में ओल्ड हैबिट व्हिस्की 375 एमएल की 184 बोतल, 180 एमएल की 296 बोतल और लंदन बेवरेज जॉर्ज 180 एमएल की 264 बोतल शामिल है।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि स्कॉर्पियो और शराब को जब्त कर जांच चौकी पर रखा गया है। बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार तस्कर की पहचान की जा रही है। कार्रवाई के दौरान उत्पाद एएसआई मो. साबिर, एएसआई धर्मेंद्र कुमार और गृहरक्षक जवान मौजूद रहे।