Sunday, 11 October 2026 | 4:06 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज: एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर प्रशासन की नजर, डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

Share:
कासगंज: एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर प्रशासन की नजर, डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
Read in your preferred language.


शिक्षक निर्वाचन के 8 और स्नातक निर्वाचन के 9 बूथ बनाए गए, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

कासगंज, 10 अक्टूबर। विधान परिषद चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह ने पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को परखा और निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एवं आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर डीएम और एसपी ने जनपद के विभिन्न बूथों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद कासगंज के बूथ संख्या 147, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 86 तथा रेलवे मनोरंजन गृह स्थित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 148 और 149 का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा विकास खंड कासगंज के बूथ संख्या 150 की व्यवस्थाएं भी देखीं।

अधिकारियों ने नगर पालिका परिषद सोरों के बूथ संख्या 151 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 88 का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

जनपद में कुल 17 बूथ निर्धारित

जनपद कासगंज में आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल आठ और आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नौ बूथ बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी सहावर, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।