एमएलसी चुनाव में एनडीए प्रत्याशी के लिए माँगा समर्थन
नवादा से मिथिलेश कुमार द्वारा
नवादा। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर नवादा के गांधी स्कूल प्रांगण में एनडीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। मंगलवार को आयोजित भव्य जनसभा को बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने संबोधित किया। कार्यक्रम में एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिक्षक व स्नातक मतदाता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक एमएलसी का चुनाव नहीं है, बल्कि शिक्षा, शिक्षकों के सम्मान और बिहार के भविष्य का चुनाव है।
उन्होंने अपने भाषण में कहा "एनडीए सरकार ने हमेशा शिक्षकों और युवाओं के हित में काम किया है। चाहे शिक्षकों की नियुक्ति हो, विद्यालयों का विकास हो या उच्च शिक्षा में सुधार हो, एनडीए ने ही ठोस काम किया है। आज कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं, लेकिन शिक्षित समाज सब जानता है।"
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। उन्होंने अपील की कि स्नातक मतदाताओं से अपने स्नातक उम्मीदवार नीरज कुमार और शिक्षक उम्मीदवार प्रो. नवल किशोर यादव को भारी मतों से जिताकर विधान परिषद में अपनी मजबूत आवाज भेजने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर मंच पर मौजूद एनडीए के अन्य नेताओं ने भी एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया। शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ,मंत्री श्रवण कुमार ,नवादा विधायक विभा देवी ,हिसुआ विधायक अनिल सिंह,जिलाध्यक्ष राजकिशोर दांगी, जदयू के वरिष्ठ नेता डॉ सतीश कुशवाहा एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि महागठबंधन के पास न विजन है न शिक्षकों के लिए कोई नीति, जबकि एनडीए ही शिक्षकों के सम्मान और छात्रों के रोजगार की गारंटी है।
सभा में भाजपा, जदयू, हम, लोजपा (रा) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला स्तर के कई नेता मौजूद रहे। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नेता ने सभी आगंतुक शिक्षकों और युवाओं का आभार व्यक्त किया।