नवादा से द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
नवादा जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से दिनांक 13 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक समाहरणालय परिसर, नवादा में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर जिले में कार्यरत वैसे पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिनका निजी आवास नवादा जिले में स्थित है। शिविर के माध्यम से उन्हें अपने निजी आवास की छत पर रूफटॉप सोलर प्रणाली स्थापित कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
शिविर में प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक संबंधित कर्मी उपलब्ध रहेंगे। साथ ही, आवेदन प्रक्रिया एवं रूफटॉप सोलर प्रणाली की स्थापना से संबंधित आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न अधिकृत वेंडरों को भी प्रतिनियुक्त किया गया है।
योजना के अंतर्गत सब्सिडी का विवरण देते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार की सब्सिडी के अतिरिक्त बिहार सरकार द्वारा भी पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को ₹10,000 प्रति किलोवाट की दर से अधिकतम ₹20,000 तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस प्रकार, केंद्र एवं राज्य सरकार की संयुक्त सब्सिडी का विवरण निम्नवत है:
1 किलोवाट क्षमता: केंद्र सरकार से ₹30,000 एवं बिहार सरकार से ₹10,000, कुल ₹40,000 तक की सब्सिडी मिल सकेगी जबकि 2 किलोवाट क्षमता के लिए केंद्र सरकार से ₹60,000 एवं बिहार सरकार से ₹20,000, कुल ₹80,000 तक की सब्सिडी मिलेगी और
3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता: केंद्र सरकार से अधिकतम ₹78,000 एवं बिहार सरकार से अधिकतम ₹20,000, कुल ₹98,000 तक की सब्सिडी मिलेगी।
जिला प्रशासन, नवादा की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने आवास की छत पर रूफटॉप सोलर प्रणाली स्थापित कराने के लिए आगे आएं तथा केंद्र एवं बिहार सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी का लाभ उठाते हुए स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और बिजली बिल में बचत करने में सहभागी बनें।