Wednesday, 14 October 2026 | 4:59 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:विकसित भारत–जी राम जी योजना के तहत रोजगार सृजन कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, श्रमिकों से किया संवाद

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने विकसित भारत–जी राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायत गांधी में रोजगार सृजन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रमिकों से संवाद कर मजदूरी भुगतान, रोजगार और कार्यस्थल की सुविधाओं की जानकारी ली तथा आरआरसी सेंटर, पंचायत भवन और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की।
Share:
फर्रुखाबाद:विकसित भारत–जी राम जी योजना के तहत रोजगार सृजन कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, श्रमिकों से किया संवाद
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद(द दस्तक 24): 13 अक्टूबर 2026 विकसित भारत–जी राम जी योजनान्तर्गत विशेष रोजगार सृजन दिवस अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने विकासखंड राजेपुर की ग्राम पंचायत गांधी में पहुंचकर रोजगार सृजन एवं ग्रामीण विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों के साथ श्रमदान करते हुए फावड़ा चलाया और मौके पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति जानी।

जिलाधिकारी ने महिला श्रमिकों से संवाद कर रोजगार, कार्यस्थल की सुविधाओं तथा मजदूरी भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। महिला श्रमिक रामा देवी, विमला और काजल ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी उनके खातों में प्राप्त होती है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

ग्राम रोजगार सेवक ने बताया कि नौसारा से दहेलिया डामर रोड तक 937 मीटर लंबाई और 5 मीटर चौड़ाई में मिट्टी कार्य कराया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 2,54,327 रुपये है तथा इससे लगभग 790 मानव दिवस सृजित होंगे। डीएम ने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राशिद अली ने बताया कि विकासखंड राजेपुर की 81 ग्राम पंचायतों में विकसित भारत–जी राम जी योजनान्तर्गत 132 कार्य वर्तमान में संचालित हैं।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम शेराखार गोंटिया स्थित आरआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। बाढ़ के कारण सेंटर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल मरम्मत कराकर उसे सुचारु रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कमालुद्दीनपुर स्थित पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। पंचायत सहायक अंजली देवी ने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्रामीणों को 307 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका निर्धारित शुल्क 30 रुपये है।

निरीक्षण के दौरान जन्म-मृत्यु पंजीकरण, फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसानों से दूरभाष पर बातचीत कर समस्याओं और कारणों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

गांव में आरआरसी सेंटर निर्माण में आ रही समस्या का भी जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी अमृतपुर को प्रकरण का तत्काल समाधान कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, स्वच्छता, पंचायत स्तर की सेवाओं और विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा मौके पर प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

431099