Wednesday, 14 October 2026 | 5:02 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज में एक नवंबर को लगेगा वृहद विधिक सहायता शिविर, एक छत के नीचे मिलेंगी कई योजनाओं की सौगात

Share:
कासगंज में एक नवंबर को लगेगा वृहद विधिक सहायता शिविर, एक छत के नीचे मिलेंगी कई योजनाओं की सौगात
Read in your preferred language.
कासगंज में एक नवंबर को लगेगा वृहद विधिक सहायता शिविर, एक छत के नीचे मिलेंगी कई योजनाओं की सौगात

पेंशन, बीमा, आयुष्मान कार्ड और सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ; स्वास्थ्य शिविर में आंख, नाक व दांतों की जांच के साथ होगी ब्लड ग्रुप की जांच

कासगंज,  द दस्तक 24राजेंद्र सिंह जरूरतमंदों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, श्रमिकों और वंचित वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए एक नवंबर को जनपद कासगंज में मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। पात्र व्यक्ति शिविर के दिन भी योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रामेश्वर की अनुमति से आयोजित होने वाले इस शिविर में निर्धन वर्ग, दिव्यांग बच्चों, महिलाओं, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों, निराश्रितों, बेघर लोगों, कैदियों और दुर्घटना एवं महामारी से प्रभावित लोगों के लिए विधिक सहायता की व्यवस्था भी शामिल है।

पेंशन, बीमा और आयुष्मान कार्ड की सुविधा

शिविर से पहले लघु शिविरों के माध्यम से भी लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की तैयारी है। इनमें आयुष्मान आरोग्य कार्ड/गोल्डन कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामान्य बीमा, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का बीमा, किसान बीमा योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन जैसी योजनाएं शामिल हैं। इच्छुक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए सहमति भी ली जाएगी, ताकि जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।

स्वास्थ्य जांच और दंत चिकित्सा भी मिलेगी

मेगा शिविर में विशेषज्ञों द्वारा आंख, नाक और दांतों की सामान्य जांच की जाएगी। इसके साथ दंत चिकित्सा और ब्लड ग्रुप की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न विभागों के स्टालों पर योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवेदन करने और सुविधाओं का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा।

कई विभागों के स्टाल लगाने की तैयारी

शिविर को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विकास, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, महिला एवं बाल कल्याण, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, श्रम, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, परिवहन, बैंकिंग, बीमा, कौशल विकास और विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त नाबार्ड, डाक विभाग, आईटीआई, डूडा, नगर पालिका, नेडा, खाद्य एवं रसद, वन विभाग, खनन विभाग और अन्य संबंधित संस्थाओं को भी शिविर से जोड़ने की तैयारी है। उद्देश्य है कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, विधिक सहायता और जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकें।