– समता का व्यवहार करने के संकल्प के साथ वर–वधु वैवाहिक बंधन में बंधे
–विवाहोपरांत वर वधु को विवाह शपथ पत्र की प्रति दी गई
हजारीबाग (झारखंड)।
शहर के सिलवार मुहल्ला स्थित पर्ल रेसिडेंसी बैंक्विट हॉल में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी निवासी अजय कुमार वर्मा के पुत्र अभिषेक वर्मा की शादी बीती रात्रि पटना (बिहार) जिले के सिंगोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरौली गांव निवासी नुनुकांत किशोर की पुत्री शिखा रानी के साथ अर्जक पद्धति से सम्पन्न हुई।
अर्जक नेता रामविलास सिंह की अध्यक्षता में आयोजित अर्जक विवाह समारोह में अर्जक संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शिवनंदन प्रभाकर ने वर-वधू को प्रतिज्ञापन कराया। जिसमें वर वधू ने एक दूसरे को समता का व्यवहार एवं आचरण करते हुए वैवाहिक जीवन को मधुर व अविछिन्न बनाने का सतत प्रयास करने व मानववाद की स्थापना के साथ समृद्धि में योगदान देने का भी संकल्प लिया।
सभा का संचालन अर्जक संघ गया के मंत्री बिनोद विरोधी कर रहे थे।
इस अवसर पर शोषित समाज दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामचंद्र मेहता ने वैवाहिक समारोह का उद्घाटन करते हुए विषमतामूलक संस्कृति पर आधारित ऊंच नीच, छुआछूत की व्यवस्था को नकार कर मानववादी संस्कृति पर आधारित मानववादी व्यवस्था को अपनाने पर बल दिया। इस मौके पर उपस्थित अनेक गणमान्य लोगों ने वर-वधू को उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित महिला व पुरुषों ने इस तरह की शादी की भूरि भूरि प्रशंसा की। वहीं मानववादी लोकगायिका कुसुम कुमारी ने मानववादी गीतों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने को प्रेरित किया।
वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि अर्जक विवाह पद्धति की विशेषता है कि कम खर्च, कम समय और कम परेशानी। इस पद्धति से मानववाद का विकास होगा। दिखावा और खर्चीली शादी पर रोक लगेगी। गलत रस्मोरिवाज और परंपरा में कमी आएगी। गैरबराबरी की जगह समतामूलक समाज का निर्माण हो सकेगा।
विवाहोपरांत वर और वधु को विवाह की लिखित और हस्ताक्षर युक्त शपथ पत्र की प्रति भी दी गई।