फर्रुखाबाद (द दस्तक 24):
संविधान दिवस के गौरवशाली अवसर पर आज 26 नवंबर 2026 को जनपद फतेहगढ़ में पुलिस प्रशासन द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने क्वार्टर गार्द पर उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन किया।

संवैधानिक मूल्यों पर डाला गया प्रकाश:
कार्यक्रम के दौरान संविधान की उद्देशिका में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और पुलिस बल का यह प्राथमिक दायित्व है कि वह कानून के शासन को बनाए रखते हुए इन संवैधानिक आदर्शों की रक्षा करे।

निष्पक्षता व संवेदनशीलता का दिलाया संकल्प:
इस अवसर पर उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्पक्षतापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ने जवानों को प्रेरित करते हुए निर्देश दिया कि वे अपने दैनिक कार्यों में संवैधानिक मूल्यों का अक्षरशः पालन करें तथा थाने या कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मान और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करें।
