प्रयागराज, मुख्य विकास अधिकारी ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया उनका जन्मोत्सव, शैक्षिक भ्रमण से मिला ज्ञान और खुशियों का उपहार
*प्रयागराज, 28 अक्टूबर।*
समेकित शिक्षा के अंतर्गत जनपद के लगभग 150 दिव्यांग बच्चों के लिए शैक्षिक एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को आनंद भवन, तारामंडल, विक्टोरिया पार्क, चंद्रशेखर आजाद पार्क एवं इलाहाबाद संग्रहालय का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के माध्यम से बच्चों को विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक स्थलों के महत्व से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत इलाहाबाद संग्रहालय में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में 10 दिव्यांग बच्चों का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनके साथ खुशियाँ साझा कीं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “प्रत्येक बच्चा विशेष है और उसमें आगे बढ़ने की असीम संभावनाएँ हैं। दिव्यांगता किसी भी बच्चे की प्रतिभा, क्षमता और सपनों की सीमा नहीं हो सकती। हमें प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, स्नेह, प्रोत्साहन एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि प्रत्येक बच्चा अपनी प्रतिभा को पहचानते हुए जीवन में आगे बढ़े और अपने सपनों को साकार करे।”
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव एवं सामाजिक सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे शैक्षिक भ्रमण बच्चों के ज्ञानवर्धन, आत्मविश्वास तथा बौद्धिक, सामाजिक एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रयागराज अनिल कुमार के निर्देशन में तथा संचालन जिला समन्वयक, समेकित शिक्षा विकास पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विकास पाण्डेय ने एक्सपोजर विजिट एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वरुण यादव, जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन राजीव त्रिपाठी, समस्त स्पेशल एजुकेटर एवं फिजियोथेरेपिस्ट उपस्थित रहे।
यह आयोजन दिव्यांग बच्चों के लिए ज्ञानवर्धन, सामाजिक सहभागिता और खुशियाँ साझा करने का एक यादगार अवसर बना। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमताओं के साथ आगे बढ़ सकता है।