फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) बच्चों को डायरिया (दस्त) जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने और समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की पहल पर महिला आरोग्य समिति का गठन किया गया। शुक्रवार, 20 नवंबर को हैबतपुर गढ़िया कॉलोनी में आयोजित बैठक में समिति की सदस्यों ने बच्चों को डायरिया से बचाने तथा परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से संचालित ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बैठक की अध्यक्षता एएनएम श्वेता ने की। उन्होंने महिलाओं को बच्चों की बेहतर देखभाल, डायरिया के लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
एएनएम श्वेता ने बताया कि बच्चों को डायरिया से बचाने के लिए साफ-सफाई और खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। यदि बच्चे को दिनभर में दो या दो से अधिक बार पानी जैसी पतली दस्त होती है तो उसे निर्धारित मात्रा में ओआरएस का घोल और स्वास्थ्य कार्यकर्ता की सलाह के अनुसार जिंक की गोली अवश्य दें। इससे शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी को रोकने में मदद मिलती है।
ओआरएस और जिंक डायरिया नियंत्रण में महत्वपूर्ण
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि डायरिया किसी भी मौसम में हो सकता है। इसलिए अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सतर्क रहना चाहिए। बच्चे को पतली दस्त होने पर ओआरएस का घोल और जिंक निर्धारित मात्रा में जरूर दें, ताकि शरीर में पानी की कमी न होने पाए। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि डायरिया के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय सलाह लें।
बैठक के दौरान बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, परिवार नियोजन के साधनों के उपयोग और स्वास्थ्य विभाग की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष रजनी, आशा कार्यकर्ता खुशबू, सरला, पीएसआई इंडिया के अनुपम मिश्र सहित समिति की अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।