कासगंज। जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्व-गणना की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी चार्ज अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रगति सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में तैनात प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, उन्हें आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान में भाग ले सकें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए स्व-गणना अभियान को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।