Thursday, 29 October 2026 | 10:43 AM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : कबीरधाम आश्रम पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कबीर स्मृति भवन का किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास

कबीर महोत्सव के पावन अवसर पर बुधवार को मुख्य अतिथि के रूप में पधारे लोक सभा अध्यक्ष माननीय ओम बिरला ने संत कबीर महोत्सव एवं कबीर स्मृति भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
Share:
लखीमपुर खीरी : कबीरधाम आश्रम पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कबीर स्मृति भवन का किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास
कार्यक्रम की तस्वीर
गोला गोकर्णनाथ: मुस्तफाबाद के कबीरधाम में पूज्य राष्ट्रीय संत श्री श्री असंग देव जी महाराज के सर्वेश्वर सरकार सेवा सदन आश्रम के 60वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय कबीर महोत्सव के पावन अवसर पर बुधवार को मुख्य अतिथि के रूप में पधारे लोकसभा अध्यक्ष माननीय ओम बिरला जी ने संत कबीर महोत्सव एवं कबीर स्मृति भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।  

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल  जी की गरिमामई उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने पूज्य संत श्री असंग देव जी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संत कबीर की वाणी भारतीय संत परंपरा की वह अमूल्य धरोहर है, जो सदियों से मानवता को सत्य, प्रेम, समरसता और आत्मचिंतन का मार्ग दिखाती आई है। उनके विचार सामाजिक रूढ़ियों से ऊपर उठकर मानवीय मूल्यों, सदाचार और पारस्परिक सम्मान को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कबीर धाम के माध्यम से संत कबीर के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का उनका सतत प्रयास समाज को आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में सराहनीय है। कबीर स्मृति भवन का निर्माण संत कबीर की अमर वाणी, साहित्यिक विरासत और लोकमंगल के संदेश को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। 


इस पावन अवसर पर पूर्व गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टैनी, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पी के वर्मा, माननीय विधायकगण एवं भाजपा पदाधिकारीगण सहित अन्य लोगो की गरिमामयी उपस्थिति रही।