गया से द दस्तक 24
मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के तत्वावधान में केएलएस कॉलेज नवादा में आयोजित अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में गया कॉलेज, गया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के 10 महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमों ने हिस्सा लिया।
अपनी प्रतिभा, रणनीतिक कौशल और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिचय देते हुए गया कॉलेज की पुरुष एवं महिला टीम ने संयुक्त रूप से कुल 21 अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, महिला वर्ग में 9 अंक प्राप्त कर गया कॉलेज की टीम संयुक्त उपविजेता रही। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मजबूत टीम भावना का प्रतिफल है।
इस शानदार सफलता के उपलक्ष में गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गया कॉलेज के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
पुरुष वर्ग: अभिजीत कुमार (कप्तान), अनिकेत कुमार, प्रकाश भारद्वाज एवं मो० मोअज्ज़म।
महिला वर्ग: अंकिता कुमारी, वन्दना सिन्हा, समृद्धि प्रिया एवं अक्षिता आनंद।
इस अवसर पर एथलेटिक्स सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ आनंद कुमार एवं पीटीआई श्री अंजनी कुमार ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
गया कॉलेज की इस दोहरी सफलता से महाविद्यालय परिवार में हर्ष एवं गौरव का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और समर्पण से यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर प्रयास और उचित मार्गदर्शन से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।