फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 03 अक्टूबर 2026 जिले में सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रसव सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर लगातार जोर दिया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में गर्भवती महिलाओं को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अप्रैल से सितंबर 2026 तक जिले में कुल 20,740 प्रसव दर्ज किए गए। इनमें अप्रैल में 2,175, मई में 3,138, जून में 3,367, जुलाई में 3,596, अगस्त में 4,133 तथा सितंबर में 4,331 प्रसव हुए। सितंबर में छह माह की अवधि का सर्वाधिक मासिक प्रसव आंकड़ा दर्ज किया गया।
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में छह माह के दौरान 10,805 प्रसव हुए। इनमें जिला महिला चिकित्सालय में 1,752, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 7,416, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 853 तथा उपकेंद्रों पर 784 प्रसव दर्ज किए गए। वहीं निजी प्रसव केंद्रों में 9,935 प्रसव हुए।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रसव सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 41 एएनएम एवं स्टाफ नर्सों को प्रशिक्षण दिया है। प्रशिक्षण के बाद जिले के 16 डिलीवरी प्वाइंट पर प्रसव सेवाएं शुरू की गई हैं। शहरी क्षेत्र में नवदिया केंद्र पर प्रसव सेवा प्रारंभ हो चुकी है, जबकि अन्य चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सेवाओं के विस्तार की प्रक्रिया जारी है।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ प्रत्येक प्रसव केंद्र पर आवश्यक संसाधन और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य है कि गर्भवती महिलाओं को समय पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही उपलब्ध हों।
