फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 03 अक्टूबर 2026 शासन के निर्देशानुसार शनिवार को ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में तहसील समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सदर तहसील में आयोजित तहसील समाधान दिवस में कुल 81 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 40, पुलिस विभाग से 15, विद्युत विभाग से 7, विकास विभाग से 2, चिकित्सा विभाग से 2 तथा अन्य विभागों से संबंधित 15 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनकर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से दिलाया जाए और शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण किया जाए। शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि तहसील समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें प्रभावी, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराना है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।