फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) मोहल्ला तलैया फजल इमाम निवासी एक महिला ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपने पुश्तैनी मकान पर कथित कब्जे और मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसके पिता रामलडैते की मृत्यु के बाद मकान का अभी तक कोई मौखिक अथवा लिखित बंटवारा नहीं हुआ है।
प्रार्थिनी के अनुसार, मकान के सह-स्वामी राजीव वर्मा पुत्र रामलडैते ने बिना बंटवारा किए मकान के कुछ हिस्से की बिक्री 8 अक्टूबर 2026 को उमेश चौहान, सुनील सिंह और शंकर सिंह चौहान को कर दी।
आरोप है कि 21 अक्टूबर को करीब 11 बजे उक्त लोग लगभग 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के साथ पुश्तैनी मकान पर पहुंचे और वहां निर्माण कराकर कब्जा करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। प्रार्थिनी के अनुसार, परिवार की नीलम, राहुल, सारिका, सुनीता, संजय और माधुरी जब बचाने के लिए आए तो उनके साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई।
महिला का आरोप है कि आरोपितों ने दीवार खड़ी कर उस पर जबरन गेट लगा दिया, जिससे प्रार्थिनी और अन्य सह-स्वामियों के लेट्रिन-बाथरूम का रास्ता बंद हो गया।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 22 अक्टूबर को करीब 11:30 बजे भी उक्त लोग दोबारा निर्माण करने पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि इस दौरान प्रार्थिनी और उसके परिवार को धमकी दी गई कि निर्माण में बाधा डालने पर "लाशें बिछा देंगे" और किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे।
प्रार्थिनी ने स्थानीय पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले की गंभीरता से जांच कराते हुए प्रभारी निरीक्षक, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के लिए निर्देशित करने की मांग की है।
नोट: समाचार में लगाए गए आरोप प्रार्थना पत्र में वर्णित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

