Monday, 26 October 2026 | 7:22 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में 1 नवंबर को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

फर्रुखाबाद के ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में 1 नवंबर 2026 को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित होगा। जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
Share:
फर्रुखाबाद में 1 नवंबर को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA) के आदेशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद श्री नीरज कुमार के निर्देशन में 01 नवंबर 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे से ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश श्री नीरज कुमार ने जनपद न्यायालय के मुख्य द्वार से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जनपद के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की जानकारी देगा तथा विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करेगा।

मेगा शिविर का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को विभिन्न शासकीय विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं, आधार कार्ड संबंधी सुविधाओं, आयुष्मान कार्ड, महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं, दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही संबंधित विभागों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता एवं अन्य विधिक सेवाओं के संबंध में भी आमजन को जानकारी प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम श्री अभिनितम उपाध्याय, अपर जिला जज षष्ठम/नोडल अधिकारी श्री संजय कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रीतिमाला चतुर्वेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती बिंदिया भटनागर, मध्यस्थ श्री जवाहर सिंह गंगवार, जेल विजिटर श्री अताउलहक, प्रशासनिक अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राम सिंह मौर्य सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।