Monday, 26 October 2026 | 7:23 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज में 1200 मतदाताओं के आधार पर होंगे मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण, 806 मतदान केंद्रों पर 1190 बूथ प्रस्तावित

Share:
कासगंज में 1200 मतदाताओं के आधार पर होंगे मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण, 806 मतदान केंद्रों पर 1190 बूथ प्रस्तावित


डीएम प्रणय सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक, मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश

कासगंज, 26 अक्टूबर। आगामी विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान से पहले जनपद में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदेय स्थलों के प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण किया जा रहा है। जनपद की तीन विधानसभा क्षेत्रों कासगंज, अमांपुर और पटियाली में कुल 806 मतदान केंद्रों पर 1190 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों का निर्धारण करते समय मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर उपयुक्त भवनों की उपलब्धता और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों का भी ध्यान रखा जाए, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बैठक में प्राप्त सुझावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। यह प्रक्रिया एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पहले पूरी की जानी है।

बैठक में संबंधित अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।