फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 03 अक्टूबर 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को जिला आबकारी अधिकारी फर्रुखाबाद जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने स्टाफ के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान देशी शराब दुकान नेकपुर चौरासी, बाग लकुला, आवास विकास, कम्पोजिट दुकान बाग लकुला तथा मॉडल शॉप आवास विकास की जांच की गई।
आबकारी टीम ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन से बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया। इसके साथ ही देशी शराब दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया गया। संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकानों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।