Thursday, 29 October 2026 | 3:45 PM
भारत

अरवल: सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का हुआ निष्पादन

Share:
अरवल: सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का हुआ निष्पादन

जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस की अध्यक्षता में आज दिनांक 27 अक्टूबर, 2026 को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण एवं उनके गुणवत्तापूर्ण निष्पादन की समीक्षा हेतु विशेष सुनवाई आयोजित की गई। इस अवसर पर संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं आवेदकों की उपस्थिति में विभिन्न मामलों की विस्तृत सुनवाई की गई।

सुनवाई के दौरान मुख्य रूप से शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग, सहकारिता विभाग एवं विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों पर विचार किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक मामले में संबंधित आवेदक का पक्ष गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई एवं निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का वास्तविक, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन की वास्तविक सफलता आवेदकों की संतुष्टि एवं उनकी समस्याओं के ठोस समाधान में निहित है। अतः प्रत्येक मामले में की गई कार्रवाई की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाए तथा आवश्यकतानुसार आवेदकों से फीडबैक प्राप्त कर निष्पादन की वास्तविक स्थिति का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

जिला पदाधिकारी द्वारा शिक्षा विभाग से संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने, आपूर्ति विभाग से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने, सहकारिता विभाग से संबंधित आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करने तथा विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही निष्पादित मामलों की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करें, ताकि किसी भी आवेदक को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के उपरांत संबंधित आवेदकों से संवाद स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उनकी शिकायत का वास्तविक समाधान हुआ है अथवा नहीं। जिन मामलों में निष्पादन संतोषजनक नहीं पाया जाए, उनमें पुनः समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

'सबका सम्मान–जीवन आसान' की अवधारणा को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, अरवल द्वारा जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान एवं लोक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए, उसका नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाया जाए।