Thursday, 15 October 2026 | 3:47 AM
भारत

राजकीय सम्मान के साथ अग्निवीर सुभाष कुमार का हुआ अंतिम संस्कार

Share:
राजकीय सम्मान के साथ अग्निवीर सुभाष कुमार का हुआ अंतिम संस्कार
Read in your preferred language.
भारत माता के जयघोष के बीच पंचतत्त्व में विलीन हुए शहीद अग्निवीर सुभाष कुमार

मृत्युंजय दयाल गयाजी 

गया जिले के बांके बाजार प्रखंड अंतर्गत जमुआरा खुर्द गांव के वीर सपूत एवं भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में कार्यरत सुभाष कुमार के निधन के उपरांत आज राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसके पूर्व राजस्थान के जैसलमेर में कार्यरत जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। पूरे क्षेत्र में शोक का लहर दौड़ गया।अपने लाल को तिरंगे में लिपटा देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक और संवेदना का माहौल छा गया।

शहीद अग्निवीर सुभाष कुमार के पार्थिव शरीर को सर्वप्रथम हेमजापुर मोड़ पर रिसीव किया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को बांके बाजार क्षेत्र में ले जाया गया, जहां लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारत माता की जय और अमर शहीद सुभाष कुमार अमर रहें के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अपने वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे।

इसके उपरांत पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव जमुआरा खुर्द ले जाया गया, जहां पूरे सम्मान और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर सेना की टीम ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर वीर जवान को अंतिम सलामी दी। बिहार पुलिस की ओर से भी गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

अंतिम विदाई के इस भावुक क्षण में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अमर शहीद सुभाष कुमार अमर रहें जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा। क्षेत्रवासियों ने अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान, साहस और देशसेवा को याद किया।

इस अवसर पर शेरघाटी के एसडीएम जतिन कुमार, प्रखंड प्रमुख अबीता कुमारी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रितु प्रिया चौधरी, रोशन मांझी, इंजीनियर मुकुल कुमार दांगी, सुदामा कुमार, रवि कुमार भास्कर, एकराम खान, अजमत खान, दिलीप कुमार, धीरू दास, शिवनंदन यादव, मुखिया रघुनाथ यादव, रूबी देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, राजनीतिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी।

सुभाष कुमार के निधन से उनके परिवार ने अपना प्रिय सदस्य खो दिया है, वहीं पूरे बांके बाजार क्षेत्र ने अपने एक वीर सपूत को खोया है। उनके निधन से उत्पन्न हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है। इस दुख की घड़ी में क्षेत्र के लोगों ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने और उन्हें संबल प्रदान करने की भावना व्यक्त की।

वीर जवान का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा सदैव स्मरणीय रहेगी। देश की सेवा में समर्पित उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि के प्रति कर्तव्य और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।