Friday, 25 September 2026 | 10:46 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद रेलखंड का पूर्वोत्तर रेलवे GM ने किया निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की ली जानकारी

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कानपुर अनवरगंज–फर्रुखाबाद रेलखंड का निरीक्षण कर मंधना, कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्माण कार्य समयसीमा में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए।
Share:
फर्रुखाबाद रेलखंड का पूर्वोत्तर रेलवे GM ने किया निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की ली जानकारी
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 24 सितंबर 2026 पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गुरुवार को कानपुर अनवरगंज–फर्रुखाबाद रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से रेलखंड में पटरी, ओएचई, प्वाइंट-कॉसिंग, समपार फाटकों और बड़े पुलों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को रेल संपत्तियों के बेहतर रखरखाव और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मंधना, कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मंधना स्टेशन पर कानपुर अनवरगंज–मंधना के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का ले-आउट प्लान देखा गया। प्लेटफॉर्म, स्ट्रीट लाइट और स्टोर रूम का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

कन्नौज रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, निर्माणाधीन लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज की प्रगति देखी। रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

गुरसहायगंज स्टेशन पर पार्किंग, आधुनिक शौचालय, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज और निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण किया गया। पेयजल की गुणवत्ता की जांच व्यवस्था का भी जायजा लिया गया और महाप्रबंधक की मौजूदगी में अवशिष्ट क्लोरीन तथा बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की जांच कराई गई। रेलवे कॉलोनी में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म और निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। इसके अलावा पार्सल ऑफिस और गुड्स शेड में व्यापारियों एवं मजदूरों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फर्रुखाबाद स्टेशन सहित पूरे रेलखंड में चल रहे विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, स्टेशन रखरखाव और रेल सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों से फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं में बदलाव की उम्मीद है।