Monday, 26 October 2026 | 7:24 PM
भारत

गया: वोट चोरी पर कांग्रेस का प्रेस वार्ता

Share:
गया: वोट चोरी पर कांग्रेस का प्रेस वार्ता
 सदन से सड़क तक लड़ाई का एलान
दिल्ली रैली में गया से हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा

द दस्तक 24, शेरघाटी (गया) : शहर के जगलाल महतो नगर शेरघाटी स्थित गया जिला कांग्रेस कमेटी दक्षिणी भाग के कार्यालय में रविवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मारकम ने भाजपा और केंद्र सरकार पर मतदाताओं के वोट चोरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

 मारकम ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया के जरिए भाजपा को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धीकरण के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मामला गंभीर है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सदन से सड़क तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोपों की जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रवाद और घुसपैठ के मुद्दे की आड़ में चुनिंदा मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का आरोप भी लगाया। मरकाम ने कहा कि कांग्रेस संविधान के सम्मान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
दिल्ली रैली में जुटेंगे कार्यकर्ता
इस मौके पर गया जिला कांग्रेस कमेटी दक्षिणी भाग के अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि आगामी एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने के लिए गया जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक एकजुट हैं। उन्होंने दावा किया कि जिले से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और मताधिकार के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर अजीत कुमार सिंह, मोहम्मद रिंकू , महमूद आलम रिजवान आलम आदि मौजूद रहे।