–प्रज्ञा शक्ति कार्यक्रम के तहत बीआरसी में शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण, बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
गया जिला के शेरघाटी प्रखंड क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें उनकी उम्र के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत विद्यालयों के साथ-साथ उनके पोषक क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें चिह्नित किया जाएगा। शुक्रवार को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), शेरघाटी में प्रज्ञा शक्ति कार्यक्रम के तहत प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के शिक्षक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में शिक्षकों को बताया गया कि विद्यालयों और उनके पोषक क्षेत्रों में ऐसे बच्चों की पहचान कर उनकी शैक्षणिक जरूरतों का आकलन किया जाए। इसके बाद उनकी उम्र और क्षमता के अनुरूप शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सके।
इस अभियान की शुरुआत बच्चों की पहचान और सर्वेक्षण से की जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रज्ञा शक्ति कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी, गया की ओर से आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में सुरेंद्र, रविकांत, वीरेंद्र कुमार, राहुल रंजन एवं मोहम्मद फैजान के साथ स्वयंसेवी संस्था प्रथम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शिक्षक प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया।