फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 02 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान एवं विश्व पर्यटन सप्ताह के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग द्वारा विशेष पहल की गई। शुक्रवार को सोशल इनफ्लुएंसर, यूट्यूबर एवं ब्लॉगर की टीम को जनपद के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने के लिए कलेक्ट्रेट से रवाना किया गया।
जिलाधिकारी महोदया ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से जनपद में पर्यटन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को व्यापक स्तर पर एक्सप्लोर करने और उनकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में अनेक धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल मौजूद हैं, जिन्हें पर्यटन के नक्शे पर और अधिक प्रमुखता से लाने की आवश्यकता है। सोशल इनफ्लुएंसर, यूट्यूबर एवं ब्लॉगर द्वारा इन स्थलों का भ्रमण कर उनके बारे में जानकारी साझा किए जाने से देश-प्रदेश के लोगों को जनपद की पर्यटन विरासत से परिचित कराने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि पर्यटन विभाग के माध्यम से इस प्रकार के टूर भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे। इन प्रयासों का उद्देश्य जनपद के पर्यटन स्थलों को बेहतर ढंग से प्रचारित करना, आमजन को जागरूक करना तथा फर्रुखाबाद में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री दिनेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार तथा कार्यक्रम के संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. एम. मकबूल उपस्थित रहे।