फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 02 अक्टूबर 2026 राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की। इससे पूर्व प्रातः 9 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और प्रतिज्ञा का वाचन किया गया।
जयंती समारोह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रामधुन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का गायन किया। इसके बाद छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्ष, देश सेवा, सादगी, जीवन मूल्यों तथा अंत्योदय, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता से जुड़े विचारों को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री दोनों का जीवन सरलता और सादगी का उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों में स्वच्छता का विशेष महत्व था। आज सरकार द्वारा भी सार्वजनिक स्थलों और घरों के आसपास स्वच्छ एवं साफ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि स्वच्छ भारत, स्वच्छ समाज और स्वच्छ घर की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और आसपास के परिवेश से करनी होगी। उन्होंने लोगों से घर के बाहर कूड़ा न फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि जब हम कचरा फैलाएंगे ही नहीं, तो गंदगी भी नहीं फैलेगी। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराती है तथा उनके विचारों का अनुसरण कर समाज और देश को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। सभी को देश के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखते हुए विकास की अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए समर्पित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार एवं शिक्षाएं आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने जनपदवासियों से दोनों महापुरुषों के विचारों एवं शिक्षाओं को अपनाने का आह्वान किया।
उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर दीपक माथुर ने कहा कि गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों एवं शिक्षाओं का अनुसरण कर समाज और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में प्रत्येक नागरिक को योगदान देना चाहिए।
उप जिलाधिकारी अजय पाण्डेय ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार और दर्शन देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से तत्कालीन अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जनजागरण किया और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी।
पूर्व प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य एवं अहिंसा का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देकर देश के जवानों और किसानों के महत्व को रेखांकित किया। दोनों महापुरुषों की शिक्षाएं जनहित और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।