डीएम के सख्त आदेशों के बीच अवैध खनन का आरोप, पत्रकार को धमकी
एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड स्थित लिप्टन चौकी के पास दिनदहाड़े अवैध खनन किए जाने का आरोप सामने आया है।
आरोप है कि ट्रैक्टर से हो रहे खनन की पत्रकार ने वीडियो बनानी शुरू की तो मौके पर हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि काली स्कॉर्पियो और सफेद बोलेरो से करीब एक दर्जन लोग मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि लोगों ने पत्रकार को घेरकर वीडियो बंद करने और दोबारा वीडियो न बनाने की धमकी दी।
इसके बाद फोन पर भी पत्रकार को धमकाने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है।
घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद होने का दावा किया जा रहा है।
नवागत जिलाधिकारी एम. अरुन्मौली ने अवैध खनन पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
ऐसे में डीएम के आदेशों के बावजूद खनन के आरोपों ने पुलिस-प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पत्रकार ने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि जांच में आरोप कितने सही साबित होते हैं और धमकी देने वालों पर क्या कार्रवाई होती है।