Friday, 27 November 2026 | 11:17 AM
उत्तर प्रदेश

कासगंज में मतदाता सूची में गड़बड़ी पर मंडलायुक्त सख्त, बूथों पर पहुंचकर परखी पुनरीक्षण की हकीकत; मृतक और शिफ्टेड मतदाताओं का दोबारा होगा सत्यापन

Share:
 कासगंज में मतदाता सूची में गड़बड़ी पर मंडलायुक्त सख्त, बूथों पर पहुंचकर परखी पुनरीक्षण की हकीकत; मृतक और शिफ्टेड मतदाताओं का दोबारा होगा सत्यापन

कासगंज। अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त ओपी आर्य ने कासगंज पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने कासगंज सदर और अमांपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने 100-कासगंज सदर विधानसभा क्षेत्र के संविलियन विद्यालय नदरई स्थित बूथ संख्या 300, 301, 302 एवं 303 तथा 101-अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 65 एवं 66 का निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ और पदाभिहित अधिकारियों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की प्रक्रिया तथा सत्यापन कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत एवं विधानसभा मतदाता सूची का मिलान कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान की जाए। एसआईआर में मृतक एवं शिफ्टेड दर्शाकर हटाए गए मतदाताओं का घर-घर जाकर पुनः सत्यापन कराया जाए। पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। इसके साथ ही धुंधली फोटो अपडेट कराने, डुप्लीकेट नामों की जांच करने तथा वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के सत्यापन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए मंडलायुक्त ने मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों से जागरूक एवं सक्रिय व्यक्तियों को बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने को कहा, ताकि बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह, एसएसपी ओपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।