Saturday, 21 November 2026 | 2:31 AM
भारत

जहानाबाद में 42 ओबीसी छात्राओं का नामांकन होगा आवासीय विद्यालय में

Share:
जहानाबाद में 42 ओबीसी छात्राओं का नामांकन होगा  आवासीय विद्यालय में
जहानाबाद।  पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार की ओर से शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, जहानाबाद में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करना है।

विद्यालय में कुल 42 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। इनमें कक्षा छह के लिए 40 सीटें, कक्षा सात के लिए एक सीट तथा कक्षा आठ के लिए एक सीट निर्धारित की गई है। कक्षा नौ में वर्तमान में कोई सीट उपलब्ध नहीं है।

इस विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि छात्राओं को पूर्णतः निःशुल्क आवासीय शिक्षा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके तहत छात्राओं को निःशुल्क आवासन, भोजन, पोशाक, पाठ्य सामग्री तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक नामांकित छात्रा को प्रतिवर्ष 10,850 रुपये की छात्रवृत्ति डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाएगी।
नामांकन के लिए निर्धारित कार्यक्रम
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 11 जनवरी 2027 से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे। नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा 17 जनवरी 2027 (रविवार) को आयोजित होगी। परीक्षा का परिणाम 5 फरवरी 2027 को प्रकाशित किया जाएगा। सफल छात्राओं का नामांकन 15 फरवरी से 27 फरवरी 2027 तक होगा, जबकि नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 1 अप्रैल 2027 से प्रारंभ होंगी।
पात्रता एवं परीक्षा का स्वरूप
नामांकन के लिए अभिभावक की वार्षिक पारिवारिक आय तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए। छात्रा बिहार राज्य की निवासी एवं पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की होनी चाहिए। छात्रा की आयु सीमा दिनांक 01.04.2027 के आधार पर - कक्षा छह के लिए छात्रा की आयु 10 से 13 वर्ष, कक्षा सात के लिए 11 से 14 वर्ष, कक्षा आठ के लिए 12 से 15 वर्ष तथा कक्षा नौ के लिए 13 से 16 वर्ष निर्धारित की गई है।

प्रवेश परीक्षा वस्तुनिष्ठ एवं बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी तथा इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। प्रश्नपत्र में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन एवं संपर्क
इच्छुक एवं पात्र छात्राएं विभाग की आधिकारिक वेबसाइट *https://bcebconline.bihar.gov.in/schoolmis/school_terms.aspx* जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। नामांकन प्रक्रिया अथवा अन्य आवश्यक जानकारी के लिए जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय, जहानाबाद में संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त नंबर *8083271566* एवं *81028 05538* पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

यह योजना अन्य पिछड़े वर्ग की छात्राओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। निःशुल्क आवासीय सुविधा, आवासन, भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से यह विद्यालय छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अभिभावकों से अपील है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी पात्र बच्चियों का ऑनलाइन आवेदन अवश्य कराएं।