Monday, 28 September 2026 | 9:07 AM
खेल

विराट कोहली के बल्ले ने मचाई तबाही! तिरुवनंतपुरम में बने 13 धांसू रिकॉर्ड्स

Share:
विराट कोहली के बल्ले ने मचाई तबाही! तिरुवनंतपुरम में बने 13 धांसू रिकॉर्ड्स
Read in your preferred language.
विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम वनडे में अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई। कोहली ने 119 गेंदों में 139 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और नौ छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने वनडे में 15 हजार रन पूरे करने के साथ कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम किए। कोहली ने इस मैच में सिर्फ अपने रिकॉर्ड नहीं बनाए, बल्कि शुभमन गिल और कुलदीप यादव भी खास उपलब्धियों की सूची में शामिल हुए। विराट कोहली के वनडे में अब 15,080 रन हो गए हैं। वह 15 हजार रन का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने 18,426 रन बनाए हैं। कोहली ने 303 पारियों में 15 हजार वनडे रन पूरे किए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज हैं। सचिन तेंदुलकर ने 377 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। गेंदों के लिहाज से भी कोहली सबसे तेज रहे।

वेस्टइंडीज के खिलाफ कोहली का शतक लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका 60वां शतक था। इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों के नाम अब इस प्रारूप में 60-60 शतक हैं। 

भारत में कोहली के वनडे रनों की संख्या 7006 हो गई है। वह किसी एक देश में 7000 वनडे रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के भारत में बनाए 6976 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। 

14 हजार से 15 हजार वनडे रन तक पहुंचने में कोहली को सिर्फ 16 पारियां लगीं। इस दौरान उन्होंने 11 बार 50 से ज्यादा रन बनाए, जिसमें पांच शतक शामिल रहे। 1000 रन के किसी भी ब्लॉक में उनके 11 फिफ्टी प्लस स्कोर और पांच शतक सबसे ज्यादा हैं। 

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में कोहली के नाम अब 10 शतक हो गए हैं। किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ भी 10 शतक लगाए हैं। 

14 हजार वनडे रन पूरे करने के बाद कोहली ने 107.93 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। 1000 रन के किसी भी ब्लॉक में यह उनका सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट है। इससे पहले 13 हजार से 14 हजार रन के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 87.96 रहा था। 


कोहली ने तिरुवनंतपुरम में तीन वनडे पारियों में 338 रन बनाए हैं और इस दौरान एक बार भी आउट नहीं हुए। किसी मैदान पर बिना आउट हुए बल्लेबाज के सबसे ज्यादा वनडे रन का यह रिकॉर्ड है। दो आउट होने के बीच किसी मैदान पर बनाए गए रनों में भी यह दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। फखर जमान 455 रन के साथ आगे हैं। 

कोहली ने रविवार को वनडे की एक पारी में नौ छक्के लगाए। यह इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक छक्कों का आंकड़ा है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ आठ छक्कों का था, जो उन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में ही लगाया था। 

कोहली के नौ छक्के वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज की एक वनडे पारी में सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। रोहित ने 2018 में गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ आठ छक्के लगाए थे।


कोहली ने 74 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह वनडे में उनका तीसरा सबसे तेज शतक है। उनसे तेज उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 52 और 61 गेंदों में शतक लगाए थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों में यह तीसरा सबसे तेज शतक है। 

शुभमन गिल ने 67 पारियों में अपने 10 वनडे शतक पूरे किए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 77 पारियों में 10 शतक लगाए थे। गिल संयुक्त रूप से दुनिया के तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं। क्विंटन डी कॉक ने 55 और हाशिम अमला ने 57 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। 


कुलदीप यादव ने वनडे में 12वीं बार चार या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया। वह भारत के लिए संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। मोहम्मद शमी 16 फोर-प्लस विकेट हॉल के साथ सबसे आगे हैं, जबकि अजित अगरकर के नाम भी 12 ऐसे प्रदर्शन हैं।