Sunday, 29 November 2026 | 9:18 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में विशेष लोक अदालत का आयोजन, 143 चालान वादों का निस्तारण; 1.31 लाख रुपये जुर्माना जमा

फर्रुखाबाद जनपद न्यायालय परिसर में 28 नवंबर 2026 को मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालान वादों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की गई। इसमें 143 वादों का निस्तारण कर 1,31,800 रुपये की शमन शुल्क राशि राजकीय कोष में जमा कराई गई।
Share:
फर्रुखाबाद में विशेष लोक अदालत का आयोजन, 143 चालान वादों का निस्तारण; 1.31 लाख रुपये जुर्माना जमा
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित लंबित चालान वादों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष लोक अदालत में कुल 143 चालान वादों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में 1 लाख 31 हजार 800 रुपये की धनराशि शमन शुल्क के रूप में राजकीय कोष में जमा कराई गई।
यह आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नीरज कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर श्री शैलेन्द्र सचान, विशेष न्यायाधीश यू.पी. डकैती ए.ए./एमपी-एमएलए एवं नोडल अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा श्री जयवीर सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन/एमपी-एमएलए एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित छोटे अपराधों एवं लंबित चालान मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण करना था। इसके माध्यम से वाहन चालकों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया और बार-बार न्यायालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाने के साथ ही न्यायालयों में लंबित वादों का बोझ कम करने का प्रयास किया गया।
लोक अदालत के दौरान विभिन्न न्यायालयों द्वारा कुल 3,221 लंबित चालान वाद सुनवाई के लिए नियत किए गए थे। इनमें से निर्धारित सम्मिश्रण शुल्क (जुर्माना) जमा कराते हुए कुल 143 वादों का अंतिम रूप से निस्तारण किया गया। इस प्रक्रिया के तहत कुल 1,31,800 रुपये की धनराशि शमन शुल्क के रूप में राजकीय कोष में जमा कराई गई।
विशेष लोक अदालत के आयोजन से संबंधित वाहन चालकों को अपने लंबित चालान मामलों के निस्तारण का अवसर मिला। साथ ही न्यायालयों में लंबित मामलों को कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई।