Sunday, 29 November 2026 | 8:22 AM
उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में AIBE-XXII परीक्षा को लेकर सख्त निगरानी, जस्टिस हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली मॉनिटरिंग कमेटी ने जारी किए कड़े निर्देश

Share:
प्रयागराज में AIBE-XXII परीक्षा को लेकर सख्त निगरानी, जस्टिस हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली मॉनिटरिंग कमेटी ने जारी किए कड़े निर्देश
प्रयागराज में AIBE-XXII परीक्षा को लेकर सख्त निगरानी, जस्टिस हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली मॉनिटरिंग कमेटी ने जारी किए कड़े निर्देश

प्रयागराज, 28 नवंबर। 

ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXII) की 29 नवंबर 2026 को प्रयागराज के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने कड़े निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के निर्देश जारी किए हैं।

बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रयागराज के कुछ परीक्षा केंद्रों पर संभावित अनियमितताओं की आशंका और प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति हेमा कोहली की अध्यक्षता वाली मॉनिटरिंग कमेटी ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं।

CCTV से होगी परीक्षा की रियल-टाइम निगरानी,

कमेटी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डीन, फैकल्टी ऑफ लॉ की प्रत्यक्ष निगरानी में एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष (Centralised Control Room) स्थापित करने का निर्देश दिया है। इस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की CCTV कैमरों के जरिए रियल-टाइम निगरानी की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, प्रयागराज के सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र पर्यवेक्षकों (Independent Observers) की नियुक्ति की जाएगी। ये पर्यवेक्षक परीक्षा समाप्त होने के बाद अपनी रिपोर्ट के साथ पूरी परीक्षा की CCTV रिकॉर्डिंग मॉनिटरिंग कमेटी को सौंपेंगे।

अनियमितता मिलने पर परीक्षा रद्द करने तक का विकल्प

मॉनिटरिंग कमेटी CCTV फुटेज और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट की समीक्षा करेगी। यदि किसी भी केंद्र पर अनियमितता या गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो परीक्षा रद्द करने के संबंध में निर्णय लेने का अधिकार कमेटी के पास रहेगा।

पुलिस और CBI से भी मांगा सहयोग,

परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रयागराज के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सभी परीक्षा केंद्रों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

इसके साथ ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी पत्र भेजकर परीक्षा केंद्रों तथा केंद्र प्रभारियों पर कड़ी निगरानी रखने का अनुरोध किया गया है।

बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव अशोक कुमार पांडेय द्वारा जारी इस प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि AIBE-XXII परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।