त्यौहारों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु शांति कमेटी की बैठक संपन्न
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्या के निर्देशानुसार आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं अन्य प्रमुख त्यौहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत 29 सितम्बर मंगलवार को थाना सी.बी. गंज परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने आगामी पर्वों के दौरान थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों, दुर्गा पूजा पंडालों और शोभायात्राओं के संबंध में आयोजकों से विस्तार से वार्ता कर जानकारी ली। उन्होंने आयोजकों को शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और किसी भी प्रकार की अराजकता या अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इस बैठक में प्रमुख कार्यक्रम आयोजकों, धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।