Wednesday, 30 September 2026 | 4:42 AM
उत्तर प्रदेश

जालौन : पत्रकार को न्याय मिलने पर राष्ट्रीय संगठन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने एसपी को किया सम्मानित

Share:
जालौन : पत्रकार को न्याय मिलने पर राष्ट्रीय संगठन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने एसपी को किया सम्मानित
Read in your preferred language.

उरई (जालौन)। पत्रकार के साथ कथित अभद्रता के मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई कार्रवाई के बाद राष्ट्रीय संगठन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।

 पिछले माह रामपुरा थाना प्रभारी द्वारा एक पत्रकार के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया था। मामले को लेकर राष्ट्रीय संगठन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह राजावत के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
ज्ञापन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संगठन के प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया था कि मामले की जांच एक माह की अवधि में पूरी कर  नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा रामपुरा थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर किया गया। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में मंगलवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं पत्रकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को सम्मानित करते हुए पत्रकार हित में की गई कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पत्रकारों के हितों एवं उनकी समस्याओं के प्रति पुलिस प्रशासन संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पत्रकार के साथ भेदभाव या अनुचित व्यवहार की शिकायत सामने आती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में समयबद्ध जांच और नियमानुसार कार्रवाई से पत्रकारों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

रिपोर्ट:  डॉक्टर विनोद कुमार कुशवाहा