लिविंग इंडिया व हिंदी खबर न्यूज चैनल के संपादकों और महिला पत्रकार की गिरफ्तारी की निष्पक्ष जांच की मांग, पत्रकारों की सुरक्षा पर उठाई आवाज
कासगंज। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कासगंज में एडीएम को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर हरियाणा में लिविंग इंडिया एवं हिंदी खबर न्यूज चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल सहित चार लोगों की गिरफ्तारी तथा एक महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र पत्रकारिता जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भारतीय संविधान का अनुच्छेद 19(1)(क) अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है। ऐसे में पत्रकारों के विरुद्ध किसी भी कार्रवाई में कानून का पालन, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने मांग की कि हरियाणा में पत्रकारों के खिलाफ हुई कार्रवाई के पूरे मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के आधार और कानूनी प्रक्रिया की समीक्षा की जाए। महिला पत्रकार की सुरक्षा, गरिमा एवं कानूनी अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करने के साथ पत्रकारों को डराने-धमकाने और प्रताड़ित करने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
जिला अध्यक्ष विशाल श्रोत्रिय ने कहा कि हरियाणा में पत्रकारों की गिरफ्तारी का मामला पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। जनहित में नशाखोरी जैसे मुद्दों को उठाना पत्रकारों के दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि किसी समाचार या रिपोर्ट को लेकर कोई कानूनी आपत्ति है, तो उसका निस्तारण कानून के दायरे में निष्पक्ष जांच और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते समय भय और दबाव से मुक्त वातावरण मिलना चाहिए। हरियाणा के इस मामले में निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए तथा यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले का संज्ञान लेकर पत्रकारों की स्वतंत्रता, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन के दौरान जिला अध्यक्ष विशाल श्रोत्रिय, उबैद, जीतेष कुमार, रामेश्वरम गौतम, योगेंद्र कुमार, सचिन उपाध्याय, जीतेश राजपूत, सौरव शाक्य, राजेंद्र, रंजीत कुमार, प्रवेंद्र सक्सेना, राधेश्याम यादव सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।