Tuesday, 17 November 2026 | 5:34 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद :जनगणना-2027 में भागीदारी की सीएम योगी ने की अपील, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से जनगणना-2027 में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। देश की पहली डिजिटल जनगणना के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर घर बैठे अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना करेंगे।
Share:
फर्रुखाबाद :जनगणना-2027 में भागीदारी की सीएम योगी ने की अपील, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनगणना-2027 को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के समस्त नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल एवं विविधतापूर्ण प्रदेश के समग्र विकास के लिए जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी भविष्य की योजनाओं को बेहतर दिशा दी जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के विकास की भावी रूपरेखा तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी से विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित आवंटन और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
देश की पहली डिजिटल जनगणना है जनगणना-2027
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनगणना-2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना है। इस बार नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
जनगणना-2027 की महत्वपूर्ण तिथियां
स्व-गणना की अवधि 16–30 नवंबर 2026
घर-घर जनगणना 1 दिसंबर 2026–4 जनवरी 2027
ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल
se.census.gov.in⁠
स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान जनगणना से जुड़े कर्मचारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे।
नागरिक स्व-गणना में बढ़-चढ़कर करें सहभागिता
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से जनगणना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना की सफलता में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। गांव, कस्बे, शहर और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर इस राष्ट्रीय दायित्व को पूरा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
प्रत्येक गांव, कस्बे, शहर और परिवार तक पहुंचकर सही जानकारी एकत्रित करना तथा नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार करना इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
'हमारी जनगणना, हमारा विकास'
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर जनगणना-2027 को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक और उपयोगी बन सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा—
“हमारी जनगणना, हमारा विकास।”