फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 07 अक्टूबर 2026 मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जनपद के सभी विकास खंडों में संचालित विकास कार्यों तथा विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAM G) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान विकास खंडों में कार्यरत अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों, तकनीकी सहायकों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति और कार्यप्रगति का परीक्षण किया गया। इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कुछ स्थानों पर कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने तथा संबंधित कार्मिकों द्वारा दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरते जाने की स्थिति सामने आई।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त किया जाए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
कार्य में धीमी प्रगति और दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर 13 ग्राम पंचायत सचिवों एवं 3 तकनीकी सहायकों को चेतावनी/आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
विकास खंड राजेपुर के ग्राम विकास अधिकारी अतुल अग्निहोत्री के विरुद्ध शासकीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने, VB-GRAM G में रुचि न लेने, बैठक में अनुपस्थित रहने तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर निलंबन/अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
इसके अतिरिक्त, जिन ग्राम रोजगार सेवकों द्वारा कार्यों में शिथिलता बरती जा रही है और निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं की जा रही है, उन्हें चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना तथा VB-GRAM G के कार्यों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और अभिलेखों के उचित रख-रखाव को सुनिश्चित किया जाए। भविष्य में कार्यों में लापरवाही, लक्ष्य की पूर्ति में शिथिलता अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।