जौनपुर :जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पचास लाख रुपये से अधिक लागत मूल्य वाले निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सेतु एवं ओवरब्रिज की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से एप्रोच रोड के निर्माण में मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राजकीय प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान मड़ियाहू में अवशेष निर्माण कार्यों को 25 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराकर हैंडओवर करने तथा इसकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन (नगरीय) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पाइपलाइन आदि कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराते हुए उन्हें पूर्व की स्थिति में बहाल करना सुनिश्चित किया जाये।
उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि परियोजनाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन कार्यदायी संस्थाओं द्वारा परियोजनाओं का 90 प्रतिशत अथवा उससे अधिक कार्य पूर्ण कर लिया गया है, उन परियोजनाओं को संबधित विभाग को हैंडओवर करा दिया जाए और जिन परियोजनाओं में भूमि संबंधी प्रकरण लंबित हैं, उनके संबंध में अवगत कराया जाए, ताकि ससमय आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश
जौनपुर :जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पचास लाख रुपये से अधिक लागत मूल्य वाले निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई संपन्न
Read in your preferred language.