Thursday, 08 October 2026 | 4:50 AM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : 75वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, डीएम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

मैदान सजा था, कदमताल शुरू हुई तो माहौल में रोमांच घुल गया। किसी की नजर फिनिश लाइन पर थी तो किसी के कदम जीत की ओर बढ़ रहे थे। युवराज दत्त इंटर कॉलेज का मैदान बुधवार को खिलाड़ियों के जोश, जुनून और जज्बे का गवाह बना। मौका था तीन दिवसीय 75वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुभारंभ का।
Share:
लखीमपुर खीरी : 75वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, डीएम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
आसमान में छोड़े गए गुब्बारे की तस्वीर
Read in your preferred language.

लखीमपुर: डीएम अंजनी कुमार सिंह ने डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों की मार्च पास्ट ने मैदान में अनुशासन और ऊर्जा का रंग भर दिया। डीएम ने मार्च पास्ट की सलामी ली। आसमान में छोड़े गए तिरंगे गुब्बारे शांति और सद्भाव का संदेश देते नजर आए तो लगा मानो खिलाड़ियों के सपनों ने भी आसमान की ओर उड़ान भर ली हो।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेना ही अपने आप में उपलब्धि है। खेल बच्चों के शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास की भी मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और संघर्ष करना सिखाता है। जीत मिले तो अभिमान नहीं और हार मिले तो प्रतिद्वंद्वी के प्रति ईर्ष्या नहीं होनी चाहिए। असली चुनौती जीत हासिल करने से ज्यादा उसे बरकरार रखने की है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे पूरे मनोयोग और मेहनत के साथ खेलें और आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।

प्रतियोगिता के दौरान जहां ट्रैक पर खिलाड़ियों ने अपनी रफ्तार और दमखम दिखाया, वहीं श्री जय दुर्गे शिशु विद्या मंदिर ओयल की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को डीएम ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीत-हार से ऊपर खेल भावना होती है और इसी भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए।

प्रतियोगिता के संयोजक एवं वाई डी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद वर्मा ने बताया कि जनपदीय प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागी खिलाड़ी मंडलीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यानी वाई डी के ट्रैक से शुरू हुई यह दौड़ अब मंडल स्तर की ओर बढ़ेगी और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया मंच मिलेगा। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. ईशविंदर सिंह, सीमा टंडन, शालिनी दुबे सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।