Sunday, 29 November 2026 | 8:18 AM
भारत

शेरघाटी(गया): व्यवसायियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, दुकानों में सीसीटीवी लगाने की अपील

Share:
शेरघाटी(गया): व्यवसायियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, दुकानों में सीसीटीवी लगाने की अपील

आभूषण कारोबारी से लूट की घटना के बाद पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों में चलाया अभियान, संदिग्धों पर नजर रखने की दी सलाह

 शहर में व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर शनिवार को शेरघाटी पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने नई बाजार से सुमाली मोहल्ला, नगर परिषद, नारायण कॉलोनी, गोला बाजार होते हुए डाक बंगला रोड और जेपी चौक तक दुकानदारों से संपर्क किया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने व्यवसायियों को अपनी दुकानों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी। साथ ही ग्राहकों की खरीदारी का विवरण बिक्री रजिस्टर में दर्ज करने को कहा, ताकि किसी आपराधिक घटना के बाद पुलिस को अनुसंधान में मदद मिल सके और बदमाशों तक शीघ्र पहुंचा जा सके।
थानाध्यक्ष ने बताया कि 27 नवंबर की शाम आमस बाजार में आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे एक कारोबारी को बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया था। हथियार का भय दिखाकर और फायरिंग कर दहशत फैलाने के बाद बदमाश सोने-चांदी के आभूषणों से भरा थैला लेकर फरार हो गए थे। इस घटना के मद्देनजर शेरघाटी के व्यवसायियों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।
पुलिस ने दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकानों और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें। किसी अपरिचित व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि या असामान्य परिस्थिति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच भी की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि व्यवसायियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर निगरानी एवं जांच अभियान जारी रहेगा।