Wednesday, 14 October 2026 | 3:58 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: पायल दीक्षित बनीं एक दिन की प्रतीकात्मक जिलाधिकारी, सुनीं 6 फरियादियों की समस्याएं

फर्रुखाबाद मिशन शक्ति अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव की कक्षा-06 की छात्रा पायल दीक्षित को एक दिन की प्रतीकात्मक जिलाधिकारी बनाया गया। उन्होंने जनसुनवाई में छह फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद: पायल दीक्षित बनीं एक दिन की प्रतीकात्मक जिलाधिकारी, सुनीं 6 फरियादियों की समस्याएं
पायल दीक्षित प्रतीकात्मक जिलाधिकारी
Read in your preferred language.
426858


426866


फर्रुखाबाद(द दस्तक 24) 13 अक्टूबर 2026 जनपद में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में अनूठी पहल की गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरगांव की कक्षा-06 में अध्ययनरत छात्रा पायल दीक्षित पुत्री राजेश दीक्षित को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक जिलाधिकारी बनाया गया।

प्रतीकात्मक जिलाधिकारी पायल दीक्षित का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी की भूमिका निभाते हुए जनसुनवाई में पहुंचे छह फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जमीन पर अवैध कब्जे, अतिक्रमण एवं जाम, कृषि भूमि पर कब्जे, सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण, छेड़खानी के झूठे मामले में फंसाए जाने तथा आवास उपलब्ध न होने से संबंधित शिकायतें सामने आईं। प्रतीकात्मक जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर उप जिलाधिकारी सदर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। फतेहगढ़ में पुलमंडी से छोटी जेल चौराहे तक अतिक्रमण एवं जाम की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मोहम्मदाबाद क्षेत्र की कृषि भूमि पर कब्जे की शिकायत में पैमाइश और पत्थरगढ़ी की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत पर नगर मजिस्ट्रेट को जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया। छेड़खानी के झूठे मामले में फंसाए जाने की शिकायत पर संबंधित कोतवाली प्रभारी को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए। वहीं, राजेपुर विकासखंड क्षेत्र में आवास न मिलने की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी को पात्रता एवं अभिलेखों के आधार पर जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रतीकात्मक जिलाधिकारी पायल दीक्षित को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत इस प्रकार की पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना आवश्यक है। मिशन शक्ति अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

एक दिन की प्रतीकात्मक जिलाधिकारी पायल दीक्षित के लिए यह अनुभव प्रशासनिक व्यवस्था और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर बना। यह पहल बालिकाओं को प्रशासनिक नेतृत्व से जोड़ने और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।