Thursday, 08 October 2026 | 4:03 AM
उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी : उल्ल नदी के बढ़े जलस्तर से सुआगाड़ा से बनवारीपुर जाने वाले मार्ग पर जलभराव, मौके पर पहुंचे डीएम

आमजन की समस्या को देखते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह बुधवार को संबंधित अधिकारियों की टीम संग मौके पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।
Share:
लखीमपुर खीरी : उल्ल नदी के बढ़े जलस्तर से सुआगाड़ा से बनवारीपुर जाने वाले मार्ग पर जलभराव, मौके पर पहुंचे डीएम
निरीक्षण की तस्वीर
Read in your preferred language.
लखीमपुर खीरी:  उल्ल नदी में बढ़े जलस्तर का असर शहर से सटे सुआगाड़ा से बनवारीपुर जाने वाले सड़क मार्ग पर भी दिखाई दे रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से सड़क के कुछ हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमजन की समस्या को देखते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह बुधवार को संबंधित अधिकारियों की टीम संग मौके पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

डीएम ने मौके पर सड़क मार्ग की स्थिति देखी और वहां मौजूद स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर जलभराव की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लोगों से पिछले वर्षों में जलभराव की स्थिति तथा इस वर्ष नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उत्पन्न परिस्थितियों के बारे में विस्तार से पूछा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि वर्तमान में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों से जलस्तर और सड़क पर जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए स्थिति के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं। साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी लेकर उसका समुचित समाधान कराया जाए।

डीएम ने अधिकारियों के साथ मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए जलभराव कम होने की स्थिति और सड़क मार्ग पर आवागमन की स्थिति की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के के झा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत रवींद्र कुमार गुप्ता, अवर अभियंता जिला पंचायत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।